गुवाहाटी,(ईएमएस)। असम में चुनाव से पहले ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के उपाध्यक्ष और मनकाचर के विधायक अमीनुल इस्लाम ने पार्टी से इस्तीफा दिया। वे करीब 20 साल से पार्टी से जुड़े हुए थे। इस्लाम ने कहा कि व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है। अपने क्षेत्र के मतदाताओं से बात करने के बाद तय करुंगा कि चुनाव लड़ना है या नहीं और किस पार्टी से लड़ना है। हाल ही में एआईयूडीएफ ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निलंबित किया था। निलंबित करने पर कहा गया कि इस्लाम की गतिविधियां पार्टी के हितों के खिलाफ और विवादास्पद रही हैं। वे किसी दूसरी पार्टी का समर्थन कर रहे हैं और उसमें शामिल होने की तैयारी में हैं। इस बीच एआईयूडीएफ ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। पार्टी प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को बिन्नाकांडी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। आशीष दुबे / 18 मार्च 2026