मुजफ्फरपुर,(ईएमएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के असिया गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हुई। घटना तब हुई जब पुलिस पॉक्सो एक्ट के आरोपी भिखारी राय और अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान आरोपी पक्ष ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया, जिसके बाद पुलिस टीम पर पथराव किया गया और कथित रूप से फायरिंग भी की गई। स्थिति बिगड़ने पर गायघाट थानाध्यक्ष राजा सिंह ने आत्मरक्षा में गोली चलाने की बात कही है। इस घटना में ग्रामीण जगतवीर राय की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि थानाध्यक्ष, अपर थानाध्यक्ष सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। झड़प के दौरान पुलिस के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिस पर सीधा आरोप लगाया है कि जगतवीर राय को नजदीक से गोली मारकर हत्या की गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। इस घटना पर पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिहार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अपराधियों की संरक्षक और निर्दोषों की हत्यारी बन गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर संबंधित पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल और सख्त सजा की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। आशीष दुबे / 18 मार्च 2026