क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। अधारताल थाना क्षेत्र में मकान विवाद को लेकर सुअरमार बम फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधारताल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यू कंचनपुर निवासी 41 वर्षीय ईट व्यापारी चंद्रशेखर प्रजापति ने दिसंबर 2025 में कंचनपुर स्थित एक मकान राजकुमार यादव से खरीदा था। मकान की रजिस्ट्री एवं नामांतरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। मकान खरीदने के बाद जब वे उसमें रहने पहुंचे, तो एक कमरे में पूर्व मालिक का कुछ सामान रखा मिला। शिकायतकर्ता के अनुसार, गत 17 मार्च की रात करीब 9 बजे उन्हें राजकुमार यादव के दो बेटे अमित यादव उर्फ कंचा और रोहित यादव उर्फ बंटा रास्ते में मिले। दोनों ने उनसे कहा कि मकान में रखा उनका सामान निकाल लें और साथ ही 70 हजार रुपये अतिरिक्त देने की मांग की। प्रजापति ने बताया कि उन्होंने मकान का पूरा भुगतान कर दिया है और अतिरिक्त राशि देने से इंकार कर घर लौट आए। रात करीब 10 बजे दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर आरोप है कि दोनों ने घर पर सुअरमार बम फेंके। दोनों बम फट गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 125, 351(2), 3(5) बीएनएस तथा 3 और 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। सुनील साहू / मोनिका / 18 मार्च 2026