ज़रा हटके
19-Mar-2026
...


रियाद (ईएमएस)। सऊदी अरब में हुई एक निकाह की चर्चा इन दिनों सात समंदर पार तक हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस शादी की सुर्खियां इसकी सादगी नहीं, बल्कि दूल्हा-दुल्हन की उम्र का फासला और तोहफे में दी गई बेहिसाब दौलत है। इस अनोखी शादी में दूल्हे की उम्र 70 वर्ष है, जबकि उसकी नई नवेली बेगम महज 19-20 साल की है। 51 साल के इस बड़े अंतर के बावजूद, शादी के वीडियो में दुल्हन के चेहरे की चमक किसी जैकपॉट लगने जैसी खुशी बयां कर रही है। इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहे इस वीडियो ने जनता को हैरत में डाल दिया है। लोग इस बात को लेकर कयास लगा रहे हैं कि यह नूरानी चमक शौहर के प्रति प्रेम का नतीजा है या गैराज में खड़ी करोड़ों की रोल्स रॉयस और किलो के भाव मिले सोने का करिश्मा? मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस जवान दिल बुजुर्ग शेख ने अपनी पत्नी को खुश करने के लिए तिजोरी खोल दी है। तोहफों की फेहरिस्त में दुनिया की सबसे महंगी कारों में शुमार रोल्स रॉयस और करीब 5 किलो शुद्ध सोना शामिल है। इतनी बड़ी रईसी और महंगे उपहारों ने इस निकाह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टॉक ऑफ द टाउन बना दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई है। जहां कुछ लोग इसे पैसे का खेल और लड़की की फ्यूचर प्लानिंग बता रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स इस वीडियो की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठा रहे हैं। कुछ तकनीकी जानकारों का मानना है कि यह एआई द्वारा निर्मित एक डिजिटल भ्रम भी हो सकता है। आमतौर पर वैवाहिक जीवन में पति-पत्नी के बीच 3 से 4 साल का अंतर सामान्य माना जाता है, लेकिन यहां 5 दशकों का फासला चर्चा का मुख्य केंद्र है। हालांकि, आलोचनाओं के बीच कुछ लोग इस जोड़े का समर्थन भी कर रहे हैं। उनका तर्क है कि यदि दोनों अपनी मर्जी से साथ हैं और खुश हैं, तो दुनिया को उनके निजी फैसले और उम्र के अंतर पर उंगली नहीं उठानी चाहिए। फिलहाल, सऊदी अरब की इस शादी में उम्र की लकीरों से ज्यादा दूल्हे की रईसी के चर्चे हर जुबान पर हैं। वीरेंद्र/ईएमएस 19 मार्च 2026