ज़रा हटके
19-Mar-2026
...


लंदन (ईएमएस)। रोबोटिक्स और कंप्यूटर साइंस के अपने जुनून को मिलाकर ब्रिटेन के दो भाइयों ने ऐसा रोबोट तैयार किया है, जिसने रूबिक्स क्यूब सुलझाने का पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रोबोट ‘द रिवेंजर’ ने 4 गुणा 4 गुणा 4 रूबिक्स क्यूब को महज 45.30 सेकंड में हल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मैथ्यू पिडेन और थॉमस पिडेन द्वारा बनाए गए इस रोबोट की उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वर्ष 2014 में 1 मिनट 18.68 सेकंड का था, जिसे इस रोबोट ने लगभग 33 सेकंड पहले ही पीछे छोड़ दिया। यह रिकॉर्ड प्रयास मई 2025 में किया गया था, जिसकी आधिकारिक पुष्टि बाद में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने की। दोनों भाइयों ने इस परियोजना को तकनीकी कौशल और टीमवर्क के जरिए साकार किया। मैथ्यू पिडेन ब्रिस्टल विश्वविद्यालय में कंप्यूटर साइंस के छात्र हैं और उन्होंने इस रोबोट को अपने अंडरग्रेजुएट फाइनल ईयर प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करना शुरू किया था। उन्होंने मात्र 15 सप्ताह के भीतर रोबोट की डिजाइनिंग, निर्माण और ट्यूनिंग पूरी कर ली। इस दौरान उनके भाई थॉमस पिडेन ने प्रोडक्ट डिजाइनर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और रोबोट के हार्डवेयर व डिजाइन को बेहतर बनाने में योगदान दिया। ‘द रिवेंजर’ में दो वेबकैम लगाए गए हैं, जो कंप्यूटर विजन तकनीक की मदद से रूबिक्स क्यूब के सभी हिस्सों को स्कैन करते हैं। रोबोट में चार मैकेनिकल आर्म्स हैं, जो क्यूब को घुमाने और सही दिशा में मोड़ने का काम करते हैं। स्कैन से प्राप्त डेटा को एक कस्टम एल्गोरिदम लैपटॉप पर प्रोसेस करता है और क्यूब को सबसे तेज तरीके से हल करने का समाधान निकालता है। रिकॉर्ड प्रयास के दौरान कैमरों को प्लास्टिक शटर से ढक दिया गया था ताकि शुरुआत से पहले क्यूब के किसी भी हिस्से को देखा न जा सके और पूरा प्रयास पूरी तरह स्वचालित बना रहे। ब्रिस्टल विश्वविद्यालय में प्रदर्शन के दौरान रोबोट ने कुल छह प्रयास किए। पहले दो प्रयास असफल रहे, लेकिन तीसरे प्रयास में ही उसने 53 सेकंड में पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके बावजूद दोनों भाइयों को विश्वास था कि इससे भी बेहतर समय हासिल किया जा सकता है। अंततः छठे प्रयास में रोबोट ने 45.30 सेकंड का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। जैसे ही क्यूब के सभी फेस एक ही रंग में बदल गए, वहां मौजूद दर्शकों ने तालियों से इस उपलब्धि का स्वागत किया। मैथ्यू पिडेन ने बताया कि बचपन से ही उन्हें रूबिक्स क्यूब और कंप्यूटर साइंस दोनों में दिलचस्पी थी, इसलिए दोनों को जोड़कर यह प्रोजेक्ट बनाना स्वाभाविक लगा। सुदामा/ईएमएस 19 मार्च 2026