नई दिल्ली (ईएमएस)। ब्रिटेन की प्रूडेंशियल पीएलसी की पूरी स्वामित्व वाली सहायक कंपनी प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स भारत में अपने जीवन बीमा संयुक्त उपक्रम आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस से बाहर निकलने पर विचार कर रही है। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में प्रूडेंशियल की हिस्सेदारी 21.93 फीसदी और आईसीआईसीआई बैंक की 50.95 फीसदी है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण लगभग 85,393 करोड़ रुपए है। सूत्रों के अनुसार प्रूडेंशियल भारती एएक्सए लाइफ इंश्योरेंस में हिस्सेदारी खरीदने के विकल्प पर भी बातचीत कर रहा है। इसके लावा कुछ अन्य विदेशी बीमाकर्ता भी भारती एक्सा लाइफ में निवेश की संभावना तलाश रहे हैं। प्रूडेंशियल ने 2000 के दशक की शुरुआत में भारतीय बीमा बाजार में शुरुआती निवेश किया था और पिछले 25 वर्षों से इस क्षेत्र को बारीकी से समझता है। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जीवन बीमा निजी क्षेत्र में तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है, एसबीआई लाइफ और एचडीएफसी लाइफ के बाद। नए व्यवसाय प्रीमियम में वित्त वर्ष 25 में इसकी बाजार हिस्सेदारी 5.7 फीसदी थी, जो वित्त वर्ष 24 की 4.8 फीसदी से बढ़ी है। चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में कंपनी ने 19,228.63 करोड़ का प्रीमियम एकत्र किया, जो पिछले साल की समान अवधि से 2.42 फीसदी अधिक है। 100 फीसदी एफडीआई की अनुमति से भारतीय बीमा बाजार में वैश्विक कंपनियों के लिए नए अवसर खुल सकते हैं। प्रूडेंशियल ने नवीन तहिलयानी को क्षेत्रीय सीईओ नियुक्त किया है, जो भारत, अफ्रीका, फिलीपींस और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में कंपनी के कारोबार की देखरेख करते हैं। कंपनी ने कहा कि वह बाजार की अफवाहों पर टिप्पणी नहीं करती है। सतीश मोरे/19मार्च ---