राज्य
20-Mar-2026
...


:: जयपुर में आयोजित 84वें एआईओएस सम्मेलन में मिली बड़ी उपलब्धि; अंतरराष्ट्रीय और शोध उपलब्धियों के लिए मिला गौरव :: जयपुर/इन्दौर (ईएमएस)। जयपुर में आयोजित 84वीं ऑल इंडिया ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी (एआईओएस) के वार्षिक सम्मेलन में इंदौर के दो प्रतिष्ठित नेत्र रोग विशेषज्ञों, डॉ. रोहित अग्रवाल और डॉ. रक्षित अग्रवाल ने अपनी विशिष्ट उपलब्धियों से राष्ट्रीय स्तर पर शहर का गौरव बढ़ाया है। इस गरिमामयी समारोह में देशभर के हजारों विशेषज्ञों की उपस्थिति के बीच इंदौर के इन दोनों चिकित्सकों को उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर के नवाचारों और आधुनिक शोध के लिए पुरस्कृत किया गया। रोहित आई हॉस्पिटल के संचालक और विख्यात रेटिना विशेषज्ञ डॉ. रोहित अग्रवाल को इस मंच पर “इंटरनेशनल ऑप्थैल्मिक हीरोज ऑफ इंडिया” सम्मान से नवाजा गया। डॉ. रोहित को यह विशिष्ट गौरव मियामी, यूएसए में आयोजित रेटिना वर्ल्ड कांग्रेस 2025 में “बेस्ट वीडियो अवॉर्ड” जीतने की उनकी वैश्विक उपलब्धि के लिए प्रदान किया गया है। अंतरराष्ट्रीय पटल पर उनके इस तकनीकी प्रदर्शन ने भारतीय चिकित्सा जगत की श्रेष्ठता को विश्व स्तर पर प्रमाणित किया है। इसी क्रम में, युवा नेत्र विशेषज्ञ डॉ. रक्षित अग्रवाल ने वर्ष 2025 का एआईओएस फिजिकल पोस्टर अवॉर्ड अपने नाम कर एक और बड़ी सफलता दर्ज की। उन्हें यह सम्मान कॉर्निया के क्षेत्र में उनके शोध “द अल्सर ईएमआर: इम्प्लीमेंटिंग गूगल फॉर्म्स फॉर ए मेटिक्युलस डॉक्यूमेंटेशन” के लिए प्रदान किया गया। डॉ. रक्षित का यह कार्य चिकित्सा क्षेत्र में डिजिटल टूल्स और गूगल फॉर्म्स जैसे आधुनिक संसाधनों के सटीक उपयोग का एक अनूठा उदाहरण पेश करता है, जो भविष्य में मरीजों के डेटा प्रबंधन और उपचार की प्रक्रिया को अधिक सुगम बना सकता है। सम्मान प्राप्ति पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. रोहित अग्रवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इंदौर का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण है और उनका लक्ष्य नवाचार के माध्यम से मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। वहीं डॉ. रक्षित अग्रवाल ने इस उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि नई तकनीक और निरंतर रिसर्च को अपनाकर नेत्र रोगों के उपचार में नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, एक ही परिवार के दो डॉक्टरों की यह राष्ट्रीय सफलता इंदौर के चिकित्सा क्षेत्र की बढ़ती साख का सशक्त प्रमाण है। प्रकाश/20 मार्च 2026