क्षेत्रीय
20-Mar-2026


इंदौर (ईएमएस)। इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12.87 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी जप्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर सपना संगीता क्षेत्र स्थित गुलमर्ग कॉम्प्लेक्स के पास घेराबंदी कर मोहम्मद अजीम निवासी इंदौर को पकड़ा गया। संदिग्ध की एक्टिवा की डिक्की की तलाशी लेने पर नशे की खेप बरामद हुई। आरोपी पेशे से ग्राफिक डिजाइनर है और केवल 12वीं तक पढ़ा है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अधिक लाभ कमाने के लालच में सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर शहर के नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचता था। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के पास से एमडी ड्रग्स, एक मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित कुल 2.50 लाख रुपये का मशरूका जप्त किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना अपराध शाखा में 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रकाश/20 मार्च 2026