क्षेत्रीय
20-Mar-2026


इंदौर (ईएमएस)। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त 16 शातिर बदमाशों के विरुद्ध कड़े प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में 5 कुख्यात बदमाशों को इंदौर और उसके सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमा से निष्कासित (जिलाबदर) कर दिया गया है, जबकि 11 अन्य बदमाशों को थाना हाजिरी के लिए पाबंद किया गया है। पुलिस आयुक्त ने रोहित उर्फ काला मोरे, शुभम उर्फ जला परिहार, राज वर्मा और पुनीत गणगौरे को 6-6 माह के लिए तथा साहिल उर्फ चेरी को 3 माह की अवधि के लिए जिलाबदर किया है। ये सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, आपराधिक प्रवृत्तियों पर अंकुश लगाने के लिए 11 अन्य बदमाशों के विरुद्ध निर्बन्धन आदेश जारी किए गए हैं। इनमें दीपक उर्फ जूना, आशीष टिकलिया, पंकज उर्फ सोहन, गौतम थोरवे, भानु थोरवे, चित्रांश उर्फ शिवम, सूरज उर्फ गोलू, लखन गिनावा, शाहिद उर्फ नाडिया, लोकेश उर्फ लोकू और पूनम सिलावट शामिल हैं। इन सभी को निर्धारित समयावधि तक संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से हाजिरी देनी होगी और किसी भी अवैधानिक गतिविधि में संलिप्त न होने के लिए पाबंद किया गया है। शर्तों का उल्लंघन करने पर इनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शासन की ओर से इन प्रकरणों में पैरवी एडीपीओ अजय प्रताप बुंदेला द्वारा की गई। प्रकाश/20 मार्च 2026