क्षेत्रीय
20-Mar-2026


:: क्राइम ब्रांच ने लक्ष्मीबाई नगर में घेराबंदी कर दबोचा :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच ने लक्ष्मीबाई नगर क्षेत्र से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 10 किलो 600 ग्राम गांजा जप्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीबाई नगर के सीमेंट गोदाम के पास संदिग्ध अवस्था में दोपहिया वाहन पर सवार करण केवट को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी लेने पर उसके वाहन पर रखे बैग से 10 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर शहर के नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचता था। आरोपी करण केवट एक प्राइवेट माइनिंग कंपनी में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी है और उसने कक्षा 9वीं तक शिक्षा प्राप्त की है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन भी जप्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। थाना क्राइम ब्रांच में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध क्रमांक 36/26 पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रकाश/20 मार्च 2026