- 9 महीने बाद मितानिन प्रेरक हत्याकांड का खुलासा कांकेर(ईएमएस)। जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र में हुए 9 माह पुराने मितानिन प्रेरक जयंती मंडल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में हत्या की वजह प्रधानमंत्री आवास योजना के पैसों का विवाद निकला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 18 जून 2025 को लिगभंगदरा जंगल के पगडंडी मार्ग में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव के सिर और चेहरे पर पत्थर से वार के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। जांच के दौरान मृतका की पहचान जयंती मंडल (40 वर्ष), निवासी चिखली थाना बड़गांव के रूप में हुई, जो दुर्गूकोंदल क्षेत्र में मितानिन प्रेरक के रूप में कार्यरत थीं। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन और एडिशनल एसपी दिनेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही तारक चंद उर्फ चंदन (निवासी सोनपाल, थाना बड़गांव) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले आरोपी गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार रुपए मिले थे। जयंती मंडल ने मकान निर्माण का काम लेने के नाम पर यह राशि ले ली थी, लेकिन लंबे समय तक काम नहीं कराया। पैसे वापस मांगने पर भी टालमटोल किया जा रहा था, जिससे वह नाराज था। आक्रोश में आकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची। 18 जून 2025 को उसने जयंती मंडल को दूसरे निर्माण कार्य का झांसा देकर जंगल में बुलाया और वहां पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)21 मार्च 2026