क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


- ड्रायवर गिरफ्तार, 32 लाख का पाउडर भी बरामद ब्यावरा(ईएमएस)l बीते दिनों स्टेलिंग एग्रो इंडस्ट्री लिमिटेड मालनपुर भिंड से 18 टन मिल्क पाउडर लेकर निकले कंटेनर चालक ने राजगढ़ पहुंचने के बाद पूरा माल दूसरे ट्रक में शिफ्ट कर दिया। इसके बाद कंटेनर को सारंगपुर में छोड़कर माल लेकर अपने साथी के साथ फरार हो गया था। देहात थाना पुलिस ने इस केस को ट्रेस करने के लिए जिले के साथ ही टोल पर लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों को चेक किया और मेवात पहुंच गई। यहां से पुलिस ने अपने सायबर एक्सपर्ट की मदद ली और मेवात से ड्रायवर को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने करीब 10 लाख का माल खुर्दबुर्द कर दिया था, जबकि पुलिस ने 32 लाख का माल बरामद कर लिया है। साथ ही दो लाख की नगदी भी पुलिस ने बरामद की है। दरअसल मालनपुर से इस माल को बेलगांव कर्नाटक पहुंचना था। ड्रायवर ने 1 की शाम को रवानगी दिखाई थी, जबकि वह 2 मार्च की सुबह 8 बजे रवाना हुआ था। इसके बाद वह 3 मार्च को ब्यावरा पहुंचा था। कंटेनर भी पुलिस को सारंगपुर पर खड़ा मिल गया था। कंपनी की तरफ से 8 मार्च में देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस अधीक्षक अमित तौलानी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट के नेतृत्व में टीम का गठन किया। पुलिस ने जब पड़ताल की तो मालूम चला कि ड्राइवर मुनीर खान पहाड़ी डीग जिला भरतपुर राजस्थान का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस ने पहले तो ये पता लगाया कि माल कैसे गायब किया गया। जिले के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि माल को राजगढ़ रोड पर रेलवे क्रासिंग के आगे खाली किया गया था। इसके बाद कंटेनर और ट्रक दोनों सारंगपुर पहुंचे, यहां कंटेनर को छोड़कर मुनीर भी दूसरे ट्रक में मौजूद अपने साथी तारीफ खान के साथ फरार हो गया। - 32 लाख का माल बरामद एफआईआर के समय गायब माल की कीमत करीब 15 लाख के आसपास बताई गई थी। जब कंपनी के अफसरों ने बिल पर्चे खंगाले तो मालूम चला कि कंटेनर में करीब 700 कट्टे भरे हुए थे। जिनकी कीमत करीब 42 लाख थी। इसमें से पुलिस ने 440 कट्टे बरामद कर लिए हैं। जिसकी कीमत करीब 32 लाख रुपए बताई गई है। दोनों बदमाश फरार होने के बाद सीधे मेवात पहुंचे थे। क्योंकि दोनों को भरोसा था कि यहां पुलिस उनको किसी भी हालत में गिरफ्तार नहीं कर पाएगी। देहात थाना प्रभारी भी जब यहां पहुंचे तो हैरान रह गए, क्योंकि इलाका आनलाइन धोखाधड़ी करने वालों का गढ़ था। इसके अलावा यहां पर केवल ब्यावरा पुलिस ही नहीं बल्कि कई जिलों एवं राज्यों की पुलिस भी अपने केसों में आरोपियों को खोजने के िलए घूम रही थी। ड्राइवर से चूक ये हुई कि उसका मोबाइल पहले ही पुलिस सर्विलांस पर लगा चुकी थी, इसलिए वह पुलिस के शिकंजे से बच नहीं पाया। दोनों आरोपित ट्रक लेकर झालावाड़ कोटा के रास्ते मेवात पहुंच गए थे। पुलिस ने जिले और टोल के अलावा मेवात सहित अलग-अलग लोकेशन पर करीब 200 कैमरों की जांच की। इसके अलावा ड्रायवर के मोबाइल नंबर को भी सर्विलांस पर लगाया गया था। जिसके जरिए पुलिस मेवात में छिपे वाहन चालक तक पहुंच गई और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अभी ड्राइवर का साथी तारीफ खान पुलिस के हाथ नहीं लगा है, जिसे पकड़ने के लिए टीम को रवाना किया गया है।-निखिल/ब्यावरा/21/3/2026 -