क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


- घर के झगड़े खत्म कराने का झांसा देकर मंगलसूत्र ले भागा बदमाश - नगरपालिका कर्मचारी को नशीली चीज सुंघाकर सोने के टॉप्स छीने ब्यावरा(ईएमएस)l गत दिवस नगर में ठगों के एक गिरोह ने दो अलग-अलग वारदातों में एक बुजुर्ग महिला और एक नवविवाहिता को अपना निशाना बनाया। शातिर ठगों ने झांसा देकर और नशीला पदार्थ सुंघाकर करीब एक लाख रुपए के सोने के जेवर पार कर दिए। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जानकारी अनुसार 19 मार्च को वार्को सिटी इलाके में रहने वाली 22 साल की पूजा साहू के घर एक अनजान शख्स पहुंचा। उसने पहले पीने के लिए पानी मांगा और फिर बातों-बातों में घर के झगड़े खत्म करने का झांसा दिया। ठग ने पूजा को अपने जाल में फंसाया और पूजा-पाठ के बहाने उसके गले का मंगलसूत्र और घर में रखा दूसरा मंगलसूत्र उतरवा लिया। मौका देखते ही आरोपी करीब 70 हजार रुपए के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गया। - नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट इसी प्रकार दूसरी वारदात जूना ब्यावरा इलाके में हुई। नगरपालिका कर्मचारी 55 साल की मेहताबबाई मेवाड़े ड्यूटी के बाद घर लौट रही थीं। तभी रास्ते में एक महिला और पुरुष ने उन्हें बातों में उलझाया और कोई नशीली चीज सुंघा दी। बेहोशी की हालत में बदमाश उन्हें ऑटो में बैठाकर गुना बायपास ले गए और उनके कान के सोने के टॉप्स उतरवा लिए। होश आने पर महिला ने खुद को सुनसान जगह पाया।नगर में हुई इन दो बड़ी वारदातों के बाद हड़कंप मच गया है। सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं और सतर्क रहें। -निखिल/ब्यावरा/21/3/2026