क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र के पास देवपुरी में सड़क मार्किंग कार्य के दौरान एक जीप में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। घटना रायपुर-धमतरी हाईवे पर हुई, जहां सड़क पर लेन और अन्य संकेतक बनाए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जोरदार धमाके की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। जीप के पास काम कर रहे महिला-पुरुष कर्मचारी घबराकर मौके से भागते नजर आए। वहीं आसपास के लोग और राहगीर भी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हाईवे पर चल रहे वाहन चालकों ने भी रफ्तार बढ़ाकर दूरी बनाई। बताया जा रहा है कि सड़क मार्किंग के लिए उपयोग होने वाले इस वाहन में मटेरियल को पिघलाने के लिए भट्ठी जैसी मशीन लगी होती है, जिसमें अत्यधिक तापमान पर सामग्री तैयार की जाती है। इसके लिए गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था। आशंका है कि अधिक तापमान के कारण चिंगारी उठी, जिससे धमाके के साथ आग भड़क गई। घटना के बाद आग और धुएं का गुबार काफी दूर तक आसमान में दिखाई दिया। राहगीरों ने इस घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास किए। घटना की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मार्च 2026