- 1 लाख लेते रंगे हाथ पकड़ा गया सरगुजा(ईएमएस)। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर में तहसील कार्यालय के एक सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एसीबी की कार्रवाई का झूठा भय दिखाकर शिक्षा विभाग के कर्मचारी से एक लाख रुपये की मांग की थी। एसीबी के अनुसार, प्रार्थी अखिलेश कुमार सोनी (51), जो जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंबिकापुर में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ हैं, ने 12 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि तहसील कार्यालय दरिमा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 अनिल कुमार गुप्ता ने उन्हें फोन कर मिलने बुलाया और कहा कि उनके खिलाफ एसीबी में शिकायत है, जिस पर कभी भी ट्रैप या छापा पड़ सकता है। आरोपी ने खुद को एसीबी से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि उसका एक रिश्तेदार ब्यूरो में पदस्थ है और वह मामले को रफा-दफा करवा सकता है। इसके एवज में उसने पहले 2 लाख रुपये की मांग की। बाद में सौदेबाजी के बाद 1 लाख रुपये में मामला निपटाने पर सहमति बनी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार, आरोपी ने प्रार्थी को जिला ग्रंथालय अंबिकापुर के पास बुलाया। जैसे ही प्रार्थी ने एक लाख रुपये से भरा लिफाफा आरोपी को दिया और उसने उसे अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखा, पहले से घात लगाए एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी अनिल कुमार गुप्ता (61), निवासी केदारपुर, अंबिकापुर, को मौके से रिश्वत की पूरी रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त राशि को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि प्रार्थी के खिलाफ एसीबी में कोई शिकायत दर्ज नहीं थी और न ही आरोपी का कोई रिश्तेदार एसीबी में पदस्थ है। आरोपी ने पूरी तरह झूठा भय दिखाकर स्वयं के लिए रिश्वत की मांग की थी। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मार्च 2026