पूर्णिया, (ईएमएस)। बिहार के पूर्णिया ज़िले में 10वीं क्लास की एक छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मचा है। मृतक लड़की पिछले नौ दिनों से लापता थी। लड़की का आधा जला हुआ शव एनएच-31 के पास बांस के एक झुरमुट में एक बोरे के अंदर मिला। लड़की की माँ ने आरोप लगाया कि उसे अगवा किया गया, उसके साथ रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई, हत्यारों ने शव को जलाकर अपने गुनाह के निशान मिटाने की कोशिश की। इस बीच पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है। उधर शव मिलने के बाद ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए, सैकड़ों लोगों ने एनएच-31 को जाम कर दिया और न्याय तथा दोषियों की गिरफ़्तारी की मांग की। शव मिलने की ख़बर सुनते ही परिवार वालों और गांव वालों का गुस्सा और भड़क उठा। सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। गांव वालों ने सड़क पर टायर जलाए और आगज़नी भी की। पुलिस प्रशासन के ख़िलाफ़ ज़ोरदार नारेबाज़ी हुई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया और लगभग दो घंटे बाद सड़क से जाम हटवाया। पुलिस ने बताया कि परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि 17 साल की लड़की के साथ एक स्थानीय होटल में गैंगरेप किया गया, फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और उसके शव को एक बोरे में भरकर खेत में फेंक दिया गया। ऐसा लगता है कि शव की पहचान छिपाने के लिए उसे जलाने में तेज़ाब का इस्तेमाल किया गया था। लड़की 11 मार्च को लापता हो गई थी। उसकी बहुत तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 12 मार्च को स्थानीय थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। परिजनों का कहना है कि पीड़िता सचिन कुमार साह नाम के एक स्थानीय लड़के से बातचीत करती थी। उसी ने उसे अगवा किया था। उसने अपने कई साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। रेप करने के बाद उन्होंने उसकी हत्या कर दी। शव की हालत देखकर ऐसा लगता है कि उसकी हत्या उसी दिन कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी सचिन कुमार साह को गिरफ़्तार कर लिया है, जिसकी उम्र 22 साल है। पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत ने पत्रकारों को बताया, मुख्य आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से ज़रूरी सबूत भी जुटा लिए हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रेप और तेज़ाब के इस्तेमाल की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। संतोष झा- २० मार्च/२०२६/ईएमएस