- आक्रोशित लोगों ने थाना घेरा:मझगवां का मामला जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर के मझगवां में कुत्ते के काटने के बाद एक 2 साल की मासूम बच्ची को परिजन तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां आरोपित है कि एंटी रैबीज इंजेक्शन लगते ही उसकी तबीयत बिगड़ी और उपचार दौरान ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया । आक्रोशित लोगों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मझगवां थाने का घेराव व प्रदर्शन भी किया। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मझगवां निवासी दिनेश वंशकार की 2 वर्षीय बेटी को कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसे एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ती गई, लेकिन समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका जिससे उसकी मौत हो गई। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो जाने से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए जांच का आश्वासन दिया है। अजय पाठक / मोनिका / 21 मार्च 2026