- मंत्री श्री पंवार ने किया 27 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण राजगढ़(ईएमएस)l ग्रामीण विकास के प्रति संकल्पित प्रदेश सरकार गांवों को सशक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है,इसी क्रम में शनिवार को ब्यावरा विधानसभा के ग्राम लखनवास में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार द्वारा लगभग 26 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन/ लोकार्पण और शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने 14 करोड़ 98 लाख 22 हजार रुपए की लागत से लखनवास से दूधिया दीवान (नरसिंहगढ़) मार्ग (7.70 किलोमीटर) के उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया। जिससे क्षेत्र में आवागमन सुविधा और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही ग्राम लखनवास में 1 करोड़ 59 लाख रुपए से निर्मित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण कर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया। इसके अतिरिक्त लगभग 10 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत से ग्राम पंचायत गांगाहोनी, आमडोर, पाडलीगुसाई, लखनवास, सीलखेड़ा, भंवास, पातलापानी, तरेना, बगवाज, बेरियाखेड़ी, सेमलापार, टोडी, चुकल्या, खेजड़ामहाराजा, कुंडीखेड़ा, आगर एवं सुंदरपुरा में निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। जिससे ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। इस दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास की अभूतपूर्व गति देखने को मिल रही है। पिछले 22 वर्षों में मध्यप्रदेश ने विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और सरकार निरंतर जनकल्याण की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 2003 से पहले मध्यप्रदेश “बीमारू राज्य” की श्रेणी में था, लेकिन आज हमारा प्रदेश विकसित राज्यों में सम्मिलित होकर हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। - सिंचाई और जल प्रबंधन में ऐतिहासिक परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने ब्यावरा विधानसभा में सिंचाई क्षेत्र में हुए व्यापक परिवर्तन का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्वती नदी पर बन रहे दो बड़े बांध इस क्षेत्र के लिए वरदान साबित होंगे। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से हजारों हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिससे किसानों की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि मोहनपुरा और कुंडालिया परियोजनाओं ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। जहां पहले किसान वर्षा पर निर्भर थे, वहीं अब उन्हें नियमित सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो रही है। साथ ही इन परियोजनाओं के माध्यम से पेयजल आपूर्ति भी मजबूत हुई है, जिससे गांव-गांव में जल संकट काफी हद तक समाप्त हुआ है। यह परिवर्तन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर है। - वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि आज भारत, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व मंच पर एक मजबूत और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों—चाहे वह अंतरराष्ट्रीय संघर्ष हों, ऊर्जा संकट हो या आर्थिक अस्थिरता—इन सभी चुनौतियों के बीच भारत ने अपनी स्थिति को मजबूती से बनाए रखा है।उन्होंने विशेष रूप से पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में उतार- चढ़ाव के बावजूद प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रभावी नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों के कारण देश में आम जनता पर इसका अत्यधिक भार नहीं पड़ा।सरकार ने संतुलित नीति अपनाते हुए आपूर्ति को सुचारू बनाए रखा और कीमतों को नियंत्रित रखने का सफल प्रयास किया, जिससे आम नागरिकों को राहत मिली। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वर्तमान समय में सजग और जिम्मेदार रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और कहीं भी किसी प्रकार की जमाखोरी न होने दें। -निखिल/राजगढ़/21/3/2026