धनबाद(ईएमएस)।शहर में शनिवार को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। करीब 4 बजे ही आसमान में काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया।पॉलीटेक्निक रोड क्षेत्र में भारी मात्रा में ओले गिरने से सड़कें सफेद नजर आने लगीं। जगह-जगह बर्फ के गोलों की परत जम गई, जिससे ऐसा लग रहा था मानो सड़कों पर बर्फ बिछ गई हो। बारिश और ओलावृष्टि के कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ।सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर भी ओलों की मोटी परत देखी गई, जबकि आसपास के इलाकों में पानी और ओले जमा हो गए। लोगों को अचानक बदले मौसम के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवा के साथ आई इस बारिश ने कुछ देर के लिए पूरे इलाके को ठंडा कर दिया, लेकिन ओलावृष्टि से नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार, इस तरह का बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हो सकता है, जिससे आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कर्मवीर सिंह/21मार्च/26