- बिल्डर पर अज्ञात बदमाशों ने चलाए चाकू जबलपुर, (ईएमएस)। गोहलपुर थाना अतंर्गत आस्था परिसर न्यू रामनगर में गोकुलधाम सोसाइटी में बदमाशों ने बिल्डर संदीप गुप्ता पर चाकुओं से हमला कर दिया| घटना उस वक्त हुई जब बिल्डर सुशीला परिसर स्थित अपनी साइट से काम देखने के बाद दोपहिया वाहन में लौट रहे थे| बदमाशों ने उनसे शराब पीने के लिए रुपए मांगे, मना करने पर चाकूओं से हमला कर दिया । हमले में घायल बिल्डर को दमोहनाका स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोहलपुर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिल्डर 50 वर्षीय संदीप गुप्ता सुशीला परिसर स्थित अपनी साइट से दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सुशीला परिसर गेट के पास पहुंचे, वहां मौजूद तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। संदीप गुप्ता ने जब पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू निकालकर उनकी दोनों जांघों पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गोहलपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सुनील साहू / मोनिका / 21 मार्च 2026