क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


- पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टला राजगढ़(ईएमएस)l शनिवार को जिले के सारंगपुर में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पेट्रोल टैंकर के टायर में आग लग गई। पुलिस की तुरंत कार्रवाई और सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और सैकड़ों लोगों की जान बच गई। यह घटना बायपास स्थित काकाजी होटल के पास हुई। विजयपुर (गुना) से पेट्रोल भरकर वडोदरा (गुजरात) जा रहे टैंकर के पिछले पहियों से धुआं उठता देख डायल 112 में तैनात प्रधान आरक्षक राकेश गुदेन ने तुरंत स्थिति को समझा। उन्होंने टैंकर चालक को रुकने का संकेत दिया और वाहन को सुरक्षित रूप से सर्विस रोड पर खड़ा करवाया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी अरविंद सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक आकांक्षा हाड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका की फायर ब्रिगेड भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। हाईवे के दोनों ओर यातायात रोककर स्थिति को नियंत्रित किया गया। - टायरों में लगी आग को बुझाया गया पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त कार्रवाई से महज 5 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। यदि आग फैलती तो पेट्रोल से भरे टैंकर में बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस टीम की तत्परता और समन्वय ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सारंगपुर आकांक्षा हाड़ा, उप निरीक्षक गोटीसिंह परस्ते, प्रधान आरक्षक राकेश गुदेन, आरक्षक बनवारी गुर्जर, आरक्षक नरेन्द्र धाकड़ और आरक्षक धर्मेन्द्र जायसवाल सहित अन्य पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। -निखिल/राजगढ़/21/3/2026