अंतर्राष्ट्रीय
21-Mar-2026


परमाणु युद्ध की दस्तक! तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन (ईएमएस) ।मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने शनिवार को हिंद महासागर में स्थित अमेरिका और ब्रिटेन के रणनीतिक सैन्य बेस डिएगो गार्सिया पर दो मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इस हमले के तुरंत बाद दुबई में भी एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव होने और जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। वहीं अमेरिका और इजराइल ने ईरान के नतांज न्यूक्लियर सेंटर पर हवाई हमला किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हमले में अभी तक किसी भी तरह का रेडियोएक्टिव (खतरनाक परमाणु) रिसाव नहीं हुआ है। इस इलाके के आसपास रहने वाले लोगों को कोई खतरा नहीं है। इजराइल और अमेरिका ने इससे पहले 2 मार्च को भी इस प्लांट पर हमला किया था। यह ईरान का सबसे बड़ा न्यूक्लियर सेंटर है, यहां यूरेनियम इनरिचमेंट किया जाता है। इसकी एक खास बात यह है कि इसका बड़ा हिस्सा जमीन के नीचे बना हुआ है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि किसी हमले से इसे बचाया जा सके। उधर, ईरान भी आर-पार के मूड में आ गया है। इससे खाड़ी में परमाणु युद्ध की संभावना बढ़ गई है। इजराइली आर्मी ने ईरान के नतांज न्यूक्लियर प्लांट पर हमले से इनकार किया है। आईडीएफ ने कहा कि हमने यह हमला नहीं किया है और हमें नहीं पता यह किसने किया। हम अमेरिकी कार्रवाई पर कोई टिप्पणी नहीं करते। वहीं, ईरान की न्यूज एजेंसी तसनीम के मुताबिक, जिस जगह पर हमला हुआ उसका नाम अहमदी रोशन है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हमले के बाद किसी भी तरह का खतरनाक रिसाव नहीं हुआ है और आसपास रहने वाले लोगों को कोई खतरा नहीं है। ईरान के सीक्रेट अंडरग्राउंड ठिकाने पर अमेरिका की बमबारी अमेरिका के सैन्य अधिकारी ब्रैड कूपर ने कहा कि उनकी सेना होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षा पर नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने ईरान के एक सीक्रेट अंडरग्राउंड ठिकाने पर बड़े बम गिराए। वहां मिसाइल और हथियार रखे गए थे, जो जहाजों के लिए खतरा थे। अमेरिका का दावा है कि इस हमले में उस ठिकाने के साथ-साथ रडार और निगरानी सिस्टम भी नष्ट कर दिए गए। इससे ईरान की ताकत कम हुई है और वह आगे भी ऐसे हमले करता रहेगा। ट्रम्प को सबक सिखाएंगे ईरान के एक अधिकारी ने कहा है कि उनका देश डोनाल्ड ट्रम्प के सबस सिखाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान को ट्रम्प की बातों पर भरोसा नहीं है। जमीन पर अभी भी वही हालात हैं और अमेरिका की कार्रवाई कम नहीं हुई है। ट्रम्प ने पहले कहा था कि वह जंग कम करने के बारे में सोच रहे हैं, लेकिन बाद में बोले कि वह अभी सीजफायर नहीं चाहते। रूस ने नतांज न्यूक्लियर सेंटर पर हमले की निंदा की रूस ने ईरान के नतांज न्यूक्लियर सेंटर पर हुए हमले की कड़ी आलोचना की है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन है। ईरान ने इस हमले की जानकारी अंतरराष्ट्रीय परमाणु एजेंसी को भी दी है।