अंतर्राष्ट्रीय
21-Mar-2026


सियोल(ईएमएस)। दक्षिण कोरिया के डेयजॉन शहर में शनिवार सुबह ऑटो पाट्र्स फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लग गई। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 59 लोग घायल हैं। हादसे में 4 अब भी लापता हैं। कई कर्मचारी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूद गए, जिससे वे घायल हुए। आग इतनी भीषण थी कि इमारत का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया और बचाव दल को अंदर घुसने में घंटों लग गए। फायर अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने तेज विस्फोट की आवाज सुनी। इसके बाद आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई। आग बुझाने और राहत-बचाव के लिए 500 से अधिक फायरफाइटर्स, पुलिस और इमरजेंसी कर्मी तैनात किए गए। फिलहाल 4 लापता लोगों की तलाश जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने सभी संसाधनों को जुटाकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। विनोद उपाध्याय / 21 मार्च, 2026