:: जयपुर प्रवास के दौरान अंग वस्त्रम् से किया स्वागत; उद्योग निवेश और जन्म शताब्दी समारोह पर हुई चर्चा :: जयपुर/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जयपुर प्रवास के दौरान शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सौजन्य भेंट की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंग वस्त्रम् भेंट कर लोकसभा अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। भेंट के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जयपुर आगमन प्रदेश के उद्योग निवेश संवर्धन कार्यक्रम के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही, बिरला ने पत्रिका समूह के संस्थापक स्वर्गीय कर्पूर चंद कुलिश के जन्म शताब्दी समापन समारोह में सम्मिलित होने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की और सभी का स्वागत किया। भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के विकास कार्यों और विधायी विषयों पर भी अनौपचारिक चर्चा हुई। प्रकाश/21 मार्च 2026