राष्ट्रीय
21-Mar-2026


:: बिना कर चुकाए शुरू हो रही थी तैयारी, निगम दस्ते ने जब्त किया साउंड सिस्टम; हनी सिंह कांड के बाद सख्त हुआ प्रशासन :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शनिवार रात पंजाबी पॉप स्टार करण औजला के बहुप्रतीक्षित लाइव शो से ठीक पहले उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर निगम की टीम ने कार्यक्रम स्थल पर धमाकेदार एंट्री की। मनोरंजन कर जमा न करने पर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए आयोजन स्थल पर धावा बोल दिया और साउंड सिस्टम सहित अन्य साजो-सामान जब्त कर लिया। इस औचक कार्रवाई ने आयोजकों के साथ-साथ वहां मौजूद कर्मचारियों के भी होश उड़ा दिए। दरअसल, करण औजला अपने 11 शहरों के म्यूजिकल टूर ‘पी-पॉप कल्चर’ के तहत पहली बार इंदौर में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। बायपास स्थित सी-21 ग्राउंड पर जब आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में थीं, तभी नगर निगम का दस्ता वहां पहुंचा और सामान ट्रकों में भरना शुरू कर दिया। :: टिकटों के खेल पर निगम की पैनी नजर :: निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार इस तरह के आयोजनों से प्राप्त होने वाली आय पर 10 प्रतिशत की दर से मनोरंजन कर लगाया जाता है, जिसे अग्रिम जमा करना अनिवार्य है। औजला के इस शो के लिए टिकटों की दरें तीन हजार रूपये से लेकर वीवीआईपी श्रेणी में 6 लाख रूपये तक रखी गई थीं, जिनकी बिक्री धड़ल्ले से सोशल मीडिया साइट्स के माध्यम से की जा रही थी। आयोजकों द्वारा इस भारी-भरकम आय पर देय टैक्स जमा नहीं किया गया था, जिसके चलते निगम को जब्ती की कठोर कार्रवाई करनी पड़ी। काफी गहमागहमी के बाद, मौके पर ही 7.50 लाख रूपये की स्पॉट रिकवरी की गई, जिसके बाद ही जब्त सामान वापस किया गया। :: हनी सिंह मामले से सतर्क हुआ निगम प्रशासन :: नगर निगम की इस अप्रत्याशित सख्ती के पीछे पिछला कड़वा अनुभव भी एक बड़ी वजह है। गौरतलब है कि इससे पूर्व मशहूर रैपर हनी सिंह के शो के दौरान आयोजक बिना टैक्स चुकाए ही शहर से रफूचक्कर हो गए थे। उस घटना के बाद से निगम प्रशासन ने बड़े आयोजनों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी सतर्कता के परिणाम स्वरूप हाल ही में सिंगर दिलजीत दोसांझ और अरिजीत सिंह के शो से भी निगम ने सफलतापूर्वक टैक्स की वसूली की थी। :: देर रात शुरू हो सका औजला का जलवा :: तमाम कानूनी औपचारिकताओं, हंगामे और कर भुगतान के बाद ही शो सुचारू रूप से शुरू हो सका। शुक्रवार देर रात इंदौर पहुंचे औजला के इस शो को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया और हजारों युवाओं ने उनकी जादुई आवाज का आनंद लिया। हालांकि, शो की शुरुआत से पहले निगम की इस कार्रवाई ने इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों को एक स्पष्ट और कड़ा संदेश दे दिया है कि राजस्व नियमों की अनदेखी उन्हें भारी पड़ सकती है। प्रकाश/21 मार्च 2026