राज्य
21-Mar-2026


मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लुशून टोडरिया ने की पत्रकारों से वार्ता देहरादून (ईएमएस)। उत्तराखंड क्रांति दल के मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लुशून टोडरिया ने कहा है कि प्रदेश में लचर भू कानून को लागू किया गया है जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। यहां परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दो साल से मूल निवास एवं सशक्त भू कानून को लागू किए जाने की आवाज उठाते रहे है जिसके लिए धरना, प्रदर्शन एवं रैलियां की गई लेकिन सरकार ने एक लचर भू कानून को जनता पर थोप लिया है। उन्होंने कहा कि यह भू कानून मैदान क्षेत्र के लिए कुछ और है एवं पहाड़ी क्षेत्र के लिए कुछ और है। यह दोहरा भू कानून किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कुछ ही माह शेष रह गये है और दल लंबे समय से जल, जंगल एवं जमीन की आवाज को उठाता आ रहा है और अब मूल निवास व भू कानून को दल के बैनर तले मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध रूप से जमीनों की बिक्री की जाएगी दल उसका पुरजोर तरीके से विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि मूल निवास भू कानून संघर्ष समिति के अधिकांश पदाधिकारियों ने उक्रांद की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सशक्त भू कानून लागू करने के लिए व्यापक स्तर पर फिर से आंदोलन चलाया जाएगा। टोडरिया ने कहा है कि अवैध रूप से बाहरी लोगों के मूल निवास बनाए जा रहे है वहीं इसके चलते उत्तराखंड के मूल निवासियों के साथ कुठाराघात किया जा रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/21 मार्च 2026