- भारत सरकार रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने देखा इंदौर का स्वच्छता मॉडल इन्दौर (ईएमएस) देश में स्वच्छता के क्षेत्र में नबंर वन शहर इंदौर का मॉडल अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा जा रहा है। राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, नई दिल्ली से आए 14 सदस्यीय दल ने इंदौर नगर निगम के स्वच्छता मॉडल का विस्तृत अवलोकन किया। दल का स्वागत आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा सिटी बस ऑफिस में किया गया। इसके बाद अधिकारियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से इंदौर की स्वच्छता यात्रा, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जीरो वेस्ट सिटी के प्रयास, प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन, सी एंड डी वेस्ट प्रोसेसिंग और बायो-सीएनजी उत्पादन की जानकारी दी गई। दल ने आईसीसीसी सेंटर, जीटीएस, ट्रेंचिंग ग्राउंड स्थित बायो-सीएनजी प्लांट और सी एंड डी वेस्ट प्लांट का भी निरीक्षण किया। यहां शहर में कचरा प्रबंधन की आधुनिक प्रणाली और तकनीकी निगरानी व्यवस्था को करीब से देखा। आयुक्त ने बताया कि इंदौर ने कचरा पेटियों को समाप्त कर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली लागू की है, जिसकी जीपीएस से निगरानी होती है। शहर में अब 6 प्रकार के कचरे का पृथक्करण किया जा रहा है। साथ ही थैला बैंक, बर्तन बैंक, जीरो वेस्ट इवेंट और जनभागीदारी आधारित नवाचारों ने स्वच्छता को जनआंदोलन बना दिया है। निरीक्षण के बाद दल ने इंदौर नगर निगम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहर का स्वच्छता मॉडल प्रभावशाली है और देश के अन्य शहरों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। आनंद पुरोहित/ 21 मार्च 2026