- नर्मदा पाइपलाइन और सीमेंट सड़कों से दूर होगी जल-यातायात की समस्या; गीता नगर को मिलेगी नए उद्यान की सौगात इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता में सिरमौर इंदौर अब अपनी आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में विधानसभा-5 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 48 में विकास की नई इबारत लिखते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव और क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान 2.25 करोड़ रूपये की लागत से क्षेत्र का कायाकल्प करने वाली परियोजनाओं की औपचारिक शुरुआत की गई, जिसमें 1.25 करोड़ रूपये की नई नर्मदा पाइपलाइन और 80 लाख रूपये के सीमेंट सड़क निर्माण कार्य प्रमुखता से शामिल हैं। भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्पष्ट किया कि नगर निगम परिषद का लक्ष्य केवल तात्कालिक समाधान नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर एक मजबूत नींव तैयार करना है। उन्होंने इंदौर को क्लीन सिटी के साथ-साथ सोलर, ग्रीन और डिजिटल सिटी के रूप में वैश्विक पहचान दिलाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। इस अवसर पर महापौर ने क्षेत्रवासियों को एक और सौगात देते हुए महापौर निधि से गीता नगर में भव्य उद्यान निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने शहर में जारी बड़े प्रोजेक्ट्स जैसे नई ड्रेनेज लाइन, मास्टर प्लान सड़कों और एसटीपी निर्माण का उल्लेख करते हुए विकास की निरंतरता पर बल दिया। क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने विश्वास व्यक्त किया कि नई नर्मदा लाइन बिछाने से लंबे समय से चली आ रही कम दबाव और दूषित जल की समस्या का स्थाई निराकरण होगा। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती विजयलक्ष्मी गौहर के अनुसार, इन विकास कार्यों का सीधा लाभ लालाराम नगर, पद्मावती कॉलोनी, गीता नगर और ग्रेटर तिरुपति कॉलोनी सहित आसपास के हजारों रहवासियों को मिलेगा। यह आयोजन न केवल बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का प्रतीक है, बल्कि शहर के सुनियोजित विकास की ओर एक और महत्वपूर्ण कदम है। प्रकाश/22 मार्च 2026