क्षेत्रीय
22-Mar-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) अखिल भारतीय वीरांगना झलकारी महासंघ एवं कोली/कोरी समाज का एक प्रतिनिधिमंडल महापौर पुष्यमित्र भार्गव से महापौर सचिवालय में महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली के नेतृत्व में मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महापौर भार्गव को आगामी 5 अप्रैल को वीरांगना झलकारी बाई चौराहा, अन्नपूर्णा रोड़ पर आयोजित वीरांगना झलकारी अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का आधिकारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और झलकारी बाई के गौरवशाली बलिदान के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि समारोह में पांच उत्कृष्ट समाजसेवी महिलाओं को झलकारी अलंकरण से अलंकृत किया जाएगा। चौराहे का नामकरण और प्रतिमा स्थापना की रखी मांग - मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महापौर का ध्यान 17 अगस्त 2025 को उनके द्वारा की गई एक महत्वपूर्ण घोषणा की ओर आकर्षित किया। समाज के पदाधिकारियों ने महापौर को याद दिलाया कि अन्नपूर्णा रोड स्थित दशहरा मैदान दरगाह चौराहे का नाम वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर करने की घोषणा की गई थी। लेकिन अभी तक चौराहे पर साइन बोर्ड नहीं लग पाया है। चौराहे पर तत्काल प्रभाव से वीरांगना झलकारी बाई के नाम का साइन बोर्ड लगाया जाए तथा घोषणा के अनुरूप चौराहे पर वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा को शीघ्र स्थापित किया जाए। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में महापंचायत के संरक्षक कैलाशचंद्र चौधरी, महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश वर्मा (दानिश), अशोक वर्मा, देवीप्रसाद वर्मा, नवीन चौधरी, रमेश चिरगैया सहित समाज के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि महापौर, प्रशासन इस मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बलिदानी वीरांगना के सम्मान में उचित कदम उठाएंगे, ताकि शहरवासियों को उनके शौर्य और त्याग की प्रेरणा मिल सके। आनंद पुरोहित/ 22 मार्च 2026