:: वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार को गिरीश शर्मा आदित्य ने भेंट की अपनी चर्चित पुस्तक :: नई दिल्ली/इंदौर (ईएमएस)। दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित एनडीएमसी कनवेंशन सेंटर में आयोजित ‘लोकतंत्र विजय दिवस’ समारोह में देशभर के लोकतंत्र सेनानियों ने हुंकार भरी। इस गरिमामय अवसर पर मध्य प्रदेश लोकतंत्र सेनानी संघ के उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा आदित्य ने अपनी चर्चित शोधपरक कृति ‘भारतीय गणराज्यों के सिक्के’ आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे को भेंट की। प्राचीन भारतीय मुद्राओं पर आधारित इस पुस्तक की प्रतियों का वितरण कार्यक्रम के दौरान विशेष चर्चा का विषय रहा। राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान सर्वानुमति से संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। पूर्व सांसद कैलाश सोनी को राष्ट्रीय अध्यक्ष, मदन बाथम को राष्ट्रीय महामंत्री एवं संतोष शर्मा को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का देशभर से आए लगभग 200 लोकतंत्र सेनानियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। :: उपेक्षा के विरुद्ध उठी आवाज :: सम्मेलन में मुख्य रूप से कांग्रेस शासित राज्यों में लोकतंत्र सेनानियों की हो रही उपेक्षा का मामला छाया रहा। गिरीश शर्मा आदित्य ने वरिष्ठ नेतृत्व से पुरजोर मांग की कि वे इन राज्यों के सेनानियों को भी अन्य राज्यों की भांति पेंशन एवं अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करने वालों के साथ राजनीतिक आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अगाध निष्ठा व्यक्त की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार लोकतंत्र सेनानियों, उनके परिजनों और आश्रितों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मशाल जलाने वाले इन सेनानियों के प्रति सरकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता के साथ करेगी। प्रकाश/22 मार्च 2026