:: उमा गोयल के नेतृत्व में तेलीबाखल से दलिया पट्टी तक उमड़ा उत्साह, समाज की महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना :: इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल हिन्डोनिया पंचायत महिला मंडल के तत्वावधान में गणगौर पर्व के अवसर पर सामूहिक व्रत उद्यापन और भव्य बाने का आयोजन किया गया। मल्हारगंज के तेलीबाखल स्थित पंचायत भवन में आयोजित इस गरिमामय समारोह का नेतृत्व श्रीमती उमा गोपाल गोयल ने किया। आयोजन के माध्यम से समाज की महिलाओं ने सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उत्सव का शुभारंभ सामूहिक पूजन और उद्यापन की विधि विधान से हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने माता गणगौर की श्रद्धापूर्वक आराधना की। परंपरागत दोहों और मंगल गीतों की गूंज के बीच उद्यापन की प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें समाज की वरिष्ठ और युवा महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उद्यापन के पश्चात पंचायत भवन से एक रंगारंग बाना (शोभायात्रा) निकाला गया। ढोल-धमाकों की थाप पर निकली यह यात्रा तेलीबाखल से प्रारंभ होकर दलिया पट्टी तक पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने मार्ग भर नृत्य कर उत्सव की खुशियां साझा कीं। क्षेत्र के निवासियों ने भी पुष्प वर्षा कर इस मांगलिक यात्रा का स्वागत किया। इस आयोजन को सफल बनाने में श्रीमती पिंकी अग्रवाल, रश्मि गोयल, प्रीति गोयल, लता गोयल, श्रद्धा भगवान एवं शैली मित्तल सहित मंडल की अनेक सदस्याओं ने प्रमुख भूमिका निभाई। श्रीमती उमा गोपाल गोयल के मार्गदर्शन में समस्त व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई देते हुए परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रकाश/22 मार्च 2026