राष्ट्रीय
23-Mar-2026
...


दो घरेलू कंपनियों जेनेरिक संस्‍करण बाजार में उतारेगी नई दिल्‍ली (ईएमएस)। दुनिया भर में वजन घटाने के लिए मशहूर साल्ट सेमाग्लूटाइड अब लोगों की पहुंच तक आने वाली है। डेनमार्क की दिग्गज कंपनी नोवो नॉर्डिस्क के पास दवा का पेटेंट था और कंपनी वेगोवी नाम से वेट लॉस और डायबिटीज नियंत्रण के लिए ओजेम्पिक नाम से दवा बेचती है। नोवो नॉर्डिस्‍क का सेमाग्लूटाइड पेटेंट समाप्त होते ही आज से वेगोवी के देशी और बेहद सस्ते जेनेरिक संस्करण बाजार में आ जाएंगे। इस बदलाव ने 16,000 प्रति माह तक जाने वाले इलाज के खर्च को सीधे 1,300 से भी नीचे ला दिया है। अभी तक भारत में वजन घटाने वाली मूल दवा वेगोवी की मासिक खुराक की कीमत 10,850 से 16,400 के बीच है। लेकिन अब दो घरेलू कंपनियों, नैटको फार्मास्युटिकल्स और एरिस लाइफसाइंसेज इसके जेनेरिक संस्‍करण बाजार में उतारेगी। नैटको ने अपने ब्रांड ‘सेमनैट’ और ‘सेमाफुल’ के तहत सबसे कम डोज (2एमजी) के लिए 1,290 प्रति माह की कीमत तय की है। वहीं, एरिस लाइफसाइंसेज भी ‘संडे’ ब्रांड नाम से इसी किफ़ायती दर पर दवा देगी। रिपोर्ट के अनुसार, बाजार में अभी केवल नैटको और एरिस ने शुरुआत की है। उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, डॉ. रेड्डीज, जायडस, ल्यूपिन और अल्केम जैसी करीब 43 भारतीय दवा कंपनियों को इस साल्ट के निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है या वे पाइपलाइन में हैं। आने वाले महीनों में जब ये सभी कंपनियां मैदान में उतरेंगी तब दवा को लेकर प्रतिस्पर्धा और बढ़ेगी। नैटको ‘सेमनैट’ और ‘सेमाफुल’ नाम से 2एमजी, 4 एमजी और 8 एमजी डोज में दवा लाएगी। सेमनैट वजन घटाने, तब सेमाफुल डायबिटीज के इलाज में काम आएगी। मल्टी-डोज वायल की कीमत सबसे कम डोज के लिए 1,290 रुपये और सबसे ज्यादा डोज के लिए 1,750 रुपये प्रति माह होगी। कंपनी अगले महीने आसान इंजेक्शन वाले पेन डिवाइस भी लांच करेगी, जिनकी कीमत क्रमशः 4,000, 4,200 और 4,500 रुपये होगी। एरिस लाइफसाइंसेज ‘संडे’ नाम से दवा लांच करेगी। इसकी 2 और 4 एमजी डोज की कीमत नैटको के जितनी ही रखी गई है। सेमाग्लूटाइड को टाइप-2 डायबिटीज के इलाज के लिए तैयार किया गया था। लेकिन, बाद में यह मोटापे को नियंत्रित करने में भी कारगार साबित हुई। यह जीएलपी-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट नामक दवाओं की श्रेणी से संबंधित है और भूख तथा ब्लड शुगर को प्रभावी तरीके से नियंत्रित करती है। नोवो नॉर्डिस्क इस साल्‍ट का इस्‍तेमाल कर वजन घटाने के लिए ‘वेगोवी’ और डायबिटीज नियंत्रण के लिए ‘ओजेम्पिक’ नामक दवा बनाती है। पेटेंट की वजह से ये दोनों ही दवाएं काफी महंगी है। आशीष/ईएमएस 23 मार्च 2026