- कला, करुणा और सेवा का दिखा अद्भुत संगम - 80 मिनट तक मंत्रमुग्ध रहे दर्शक कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में रोटरी क्लब कोरबा एवं महाराष्ट्र मंडल कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय राजीव गांधी ऑडिटोरियम में मंचित चर्चित नाटक “मैं अनिकेत हूँ” का मंचन किया गया। उक्त नाटक ने दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा की एक बड़ी पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्धन एवं प्रतिभावान बच्चों की उच्च शिक्षा हेतु सहयोग राशि जुटाना था। इस नेक पहल को शहरवासियों का भरपूर समर्थन मिला। पूरे 80 मिनट तक ऑडिटोरियम में पिन-ड्रॉप साइलेंस रहा, जो नाटक की गहराई और कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति का प्रमाण है। * गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम में शहर की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. राजीव सिंह, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी से रामसिंह अग्रवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती नूतन ठाकुर, सूर्यनारायण केसरी, बालको के सीएमओ विवेक सिन्हा एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजीव कंसल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस आयोजन को कला और सेवा के बेहतरीन समन्वय का उदाहरण बताते हुए आयोजकों की मुक्तकंठ से सराहना की। * प्रभावशाली उद्बोधन और सशक्त मंच संचालन कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब कोरबा के अध्यक्ष रोट. नितिन चतुर्वेदी एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोट. पारस जैन के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिसमें “सेवा में साथ” के संकल्प को दोहराया गया। महाराष्ट्र मंडल कोरबा के अध्यक्ष हेमंत माहुलीकर ने मंडल की गतिविधियों और इस आयोजन के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। मंच संचालन विक्रम अग्रवाल एवं प्रवीण जाखड़ी ने किया, जिनकी प्रभावशाली शैली ने कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा। * वरिष्ठ रंगकर्मी नागेश ठाकुर का सम्मान इस अवसर पर कोरबा के वरिष्ठ रंगकर्मी नागेश ठाकुर का विशेष सम्मान किया गया। रंगमंच के प्रति उनके समर्पण और दीर्घकालिक योगदान को स्मरण करते हुए आयोजन समिति ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। * अभिनय और तकनीकी उत्कृष्टता का अद्भुत संगम सुप्रसिद्ध निर्देशक शशि वरवंडकर के कुशल निर्देशन में कलाकारों ने भावनाओं से ओतप्रोत शानदार प्रस्तुति दी। मुख्य कलाकारों में शशि वरवंडकर, चेतन दंडवते, दिलीप लांबे, विनोद रखुंडे, पंकज सराफ, प्रकाश खांडेकर, रवींद्र ठेंगड़ी, रंजन मोदक, अनुराधा दुबे, भारती पलसोदकर, सुमिता रायजादा, डॉ. शुचिता देशमुख, श्याम सुंदर खंगन एवं समीर टल्लू शामिल रहे। तकनीकी पक्ष में अजय पोतदार (मंच सज्जा), प्रवीण क्षीरसागर (प्रकाश एवं ध्वनि) एवं प्रकाश गुरव का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। कलाकारों ने इसे अपने रंगमंचीय जीवन के सर्वश्रेष्ठ अनुभवों में से एक बताया। * टीम वर्क ने बनाई सफलता की मिसाल इस आयोजन की सफलता के पीछे प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोट. पारस जैन एवं पूर्व सचिव रोट. संजय अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। रोटरी क्लब की ओर से मनोज अग्रवाल, विनोद जालान, सतनाम मल्होत्रा, प्रेम गुप्ता, संतोष जैन सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। महाराष्ट्र मंडल की ओर से राजेंद्र पागे, सुनील पाठक, विवेक लांडे, ज्ञानेश तिलवणकर तथा प्रबंधन टीम में आलोक दिवाटे एवं श्वेता ओत्तलवार के प्रयास उल्लेखनीय रहे। महाराष्ट्र भगिनी मंडल के कुशल प्रबंधन से कार्यक्रम पूरी तरह व्यवस्थित रहा। * शिक्षा के लिए समर्पित प्रेरणादायी पहल इस आयोजन से प्राप्त सहयोग राशि अब निर्धन एवं प्रतिभावान बच्चों की उच्च शिक्षा के सपनों को साकार करने में सहायक बनेगी। 23 मार्च / मित्तल