:: खंडवा रोड स्थित आश्रम में पुलिस अभिरक्षा में रुका; आज सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में हो सकती है जांच :: इंदौर (ईएमएस)। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहा 86 वर्षीय आसाराम सोमवार रात जोधपुर से विमान द्वारा इंदौर पहुंचा। जोधपुर जेल से कड़ी सुरक्षा और पुलिस अभिरक्षा के बीच शाम की उड़ान से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचने पर आसाराम को व्हीलचेयर पर बाहर लाया गया। आसाराम के आने की भनक लगते ही बड़ी संख्या में उसके अनुयायी एयरपोर्ट पहुंच गए थे। हालांकि, पुलिस की सख्त घेराबंदी के कारण अधिकांश अनुयायी उसके करीब नहीं जा सके, लेकिन कुछ समर्थक दूर से ही दर्शन और मिलने की कोशिशों में सफल रहे। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद आसाराम को एक निजी कार के जरिए खंडवा रोड स्थित उसके आश्रम ले जाया गया, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, आसाराम को लंबे समय से श्वास संबंधी (ब्रीदिंग इश्यू) बीमारी है, जिसके इलाज और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उसे इंदौर लाया गया है। संभावना है कि मंगलवार को उसे शहर के सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल ले जाया जाएगा, जहां विशेषज्ञों द्वारा उसकी विस्तृत जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि लगभग छह माह पहले भी आसाराम करीब पांच दिन इंदौर में रुका था और अपना उपचार कराया था। उस दौरान आश्रम में प्रवास के समय उसके द्वारा प्रवचन देने की खबरें भी सामने आई थीं, हालांकि अनुयायियों ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की थी। आसाराम वर्ष 2013 से जोधपुर जेल में बंद है। दिलचस्प तथ्य यह है कि जब उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, तब वह अहमदाबाद से भागकर इंदौर के इसी आश्रम में आकर छिपा था, जहां से जोधपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इंदौर और आसपास के जिलों में आसाराम का बड़ा प्रभाव और अनुयायियों की बड़ी संख्या है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। मंगलवार को स्वास्थ्य जांच और आश्रम में समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना के मद्देनजर आश्रम परिसर और अस्पताल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा सकती है। प्रकाश/23 मार्च 2026