-- जिला गंगा समिति द्वारा गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम हाथरस (ईएमएस)। जिला गंगा समिति द्वारा बुधवार को विकास खंड मुरसान क्षेत्र के करवन नदी पटेनी पुल के निकट गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, बच्चों और विभागीय कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत करवन नदी के तट पर साफ-सफाई अभियान से हुई, जिसमें सभी ने मिलकर नदी किनारे जमा कचरे को हटाया और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को नदी संरक्षण और पर्यावरण बचाने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित मोहन गौड़ ने लोगों से अपील की कि नदियों को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नदी में कूड़ा न डालने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया, साथ ही बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।ग्राम प्रधान ने कहा कि गांव स्तर पर स्वच्छता अभियान को निरंतर चलाया जाएगा और सभी ग्रामीण मिलकर नदी को साफ रखने का संकल्प लें। जिला परियोजना अधिकारी ने गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने गंगा स्वच्छता की शपथ ली। अंत में ग्रामीणों को भोजन पैकेट वितरित किए गए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान, ग्राम सभा सदस्य, वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 25 मार्च 2026