:: अभियान के तीसरे चरण में जनपद पंचायत प्रांगण में जुटा जनसैलाब; 12 हजार से अधिक पुराने प्रकरणों का भी हुआ निपटारा :: सांवेर/इंदौर (ईएमएस)। संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद पंचायत सांवेर प्रांगण में ब्लॉक स्तरीय विशाल शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आयोजित इस शिविर में शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया गया। 12 जनवरी (युवा दिवस) से शुरू हुए इस अभियान के विभिन्न चरणों के बाद अब तीसरे चरण में ब्लॉक स्तर पर समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया। शिविर में जल संसाधन मंत्री के प्रतिनिधि भारत सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मालवीय, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकन्या-मानसिंह, उपाध्यक्ष अनोखीलाल चौधरी और नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप चंगेडिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान समस्त विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। :: लोक सेवा और जनसुनवाई का अनूठा संगम :: ब्लॉक स्तरीय इस शिविर में कुल 213 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही निराकृत किया। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी काउंटर पर जाकर आवेदकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। :: पुरानी पेंडेंसी खत्म करने पर विशेष जोर :: अभियान के पिछले चरणों की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रथम एवं द्वितीय चरण के शिविरों में प्राप्त कुल 12 हजार 447 ऑनलाइन आवेदनों में से 12 हजार 384 का निराकरण किया जा चुका है। शेष बचे आवेदनों पर भी तीव्र गति से कार्य जारी है। कार्यक्रम के अंत में जनपद अध्यक्ष रामकन्या-मानसिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त किया। प्रकाश/25 मार्च 2026