राज्य
25-Mar-2026


इन्दौर (ईएमएस)। शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस ने एक अत्याधुनिक तकनीक मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर की शुरुआत की है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में प्रारंभ की गई इस पहल का मुख्य लक्ष्य तेज गति और अनियंत्रित वाहन चलाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इस नई प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह अत्याधुनिक बैरियर विशेष रूप से उन क्षेत्रों में बेहद उपयोगी सिद्ध होगा, जहाँ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है। मॉड्यूलर संरचना होने के कारण इन बैरियर्स को आवश्यकतानुसार आसानी से स्थापित, हटाया और पुनः व्यवस्थित किया जा सकता है। इस तकनीक के उपयोग से न केवल यातायात अनुशासन में सुधार होगा, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी। शुभारंभ के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) आर.के. सिंह और पुलिस उपायुक्त यातायात प्रभारी राजेश त्रिपाठी सहित यातायात प्रबंधन पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इंदौर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क सुरक्षा में सहयोग प्रदान करें। इस अभिनव प्रयोग से सड़क उपयोगकर्ताओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रकाश/25 मार्च 2026