इन्दौर (ईएमएस)। आगामी रामनवमी, महावीर जयंती और हनुमान जन्मोत्सव के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक ली। पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह सहित सभी डीसीपी और एडिशनल डीसीपी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजनों के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान निर्देश दिए गए कि संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पिकेट्स और मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए चौबीसों घंटे पैनी निगरानी रखी जाए। चल समारोहों और शोभा यात्राओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों का व्यापक प्रयोग होगा, वहीं सोशल मीडिया पर उन्माद फैलाने वालों और पुराने अपराधियों के विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। सभी आयोजकों के लिए अनुमति की शर्तों का पालन करना और स्वयंसेवकों की तैनाती करना अनिवार्य होगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाएगी। एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के साथ ही धार्मिक स्थलों और मेलों में सुरक्षा मानकों की नियमित चेकिंग के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रकाश/25 मार्च 2026