राज्य
25-Mar-2026


:: पुलिस कमिश्नर की नई रैंकिंग प्रणाली में भंवरकुआं को मिला तीसरा स्थान; औसत प्रदर्शन में पिछड़ा पंढरीनाथ थाना :: इन्दौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में अपराध नियंत्रण और जनोन्मुखी पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए थानों की नई ग्रेडिंग प्रणाली के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में फरवरी माह की विस्तृत रैंकिंग जारी की गई है, जिसमें ज़ोन-3 का बाणगंगा थाना अपने शानदार कार्य निष्पादन के साथ पूरे शहर में प्रथम स्थान पर रहा है। वहीं, निर्धारित मापदंडों पर सबसे औसत प्रदर्शन के चलते ज़ोन-4 का पंढरीनाथ थाना सूची में सबसे अंतिम यानी 32वें पायदान पर रहा। थानों के कार्य को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और जनहितैषी बनाने के लिए कमिश्नरेट द्वारा एक मानकीकृत मूल्यांकन प्रणाली विकसित की गई है। इसके तहत संबंधित ज़ोन के डीसीपी की अध्यक्षता वाली कमेटी ने अपराध नियंत्रण, जनसंतुष्टि और आमजन के हित में किए गए नवाचारों जैसे कड़े पैरामीटर्स पर सभी 32 थानों की समीक्षा की। इस रैंकिंग का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग में सुधार लाना और थानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा करना है ताकि जनता को मिलने वाली सुरक्षा और सहायता की गुणवत्ता बेहतर हो सके। जारी की गई संपूर्ण सूची के अनुसार बाणगंगा के बाद पलासिया थाना दूसरे और भंवरकुआं थाना तीसरे स्थान पर रहा। इसके पश्चात क्रमशः लसूड़िया चौथे, खजराना पांचवें, द्वारिकापुरी छठे, राऊ सातवें, चंदन नगर आठवें, संयोगितागंज नौवें और जूनी इंदौर दसवें स्थान पर रहे। इसी प्रकार तुकोगंज ग्यारहवें, आजादनगर बारहवें, एरोड्रम तेरहवें, राजेन्द्रनगर चौदहवें, छत्रीपुरा पंद्रहवें और गांधीनगर सोलहवें पायदान पर रहे। सूची के निचले हिस्से में हीरानगर सत्रहवें, तेजाजीनगर अठारहवें, तिलकनगर उन्नीसवें, कनाड़िया बीसवें, मल्हारगंज इक्कीसवें, एम.जी. रोड बाइसवें, सदर बाजार तेइसवें और एमआईजी को चौबीसवां स्थान मिला। रैंकिंग के अंतिम दौर में विजयनगर पच्चीसवें, अन्नपूर्णा छब्बीसवें, रावजी बाजार सत्ताइसवें, कोतवाली अट्ठाइसवें, छोटी ग्वालटोली उन्नीसवें, सराफा तीसवें और परदेशीपुरा इकतीसवें स्थान पर रहे। सबसे अंत में रहे पंढरीनाथ थाने के संदर्भ में यह स्पष्ट किया गया कि वहां फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही नए थाना प्रभारी ने पदभार ग्रहण किया था, जिसका प्रभाव प्रदर्शन के अंकों पर दिखा। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस नियमित मासिक मूल्यांकन से शहर के सभी थानों में जवाबदेही बढ़ेगी और अपराधियों पर शिकंजा और अधिक प्रभावी ढंग से कसा जा सकेगा। प्रकाश/25 मार्च 2026