राज्य
25-Mar-2026


इन्दौर (ईएमएस)। शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर एक स्थानीय लोहा व्यवसायी से 1.44 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित अंकित मूंदड़ा ने मुंबई यात्रा के लिए इंटरनेट पर होटल सर्च किया था, जहां फर्जी नंबर के जरिए साइबर ठगों ने उन्हें अपना शिकार बना लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंकित मूंदड़ा ने मई 2025 में परिवार के साथ मुंबई भ्रमण की योजना बनाई थी। उन्होंने गूगल पर मुंबई के नोवोटेल होटल का नंबर खोजा और वहां मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को होटल का स्टाफ बताकर अंकित को झांसे में लिया और 5 दिनों की बुकिंग का आकर्षक पैकेज ऑफर किया। आरोपी के कहे अनुसार पीड़ित ने कुल 1,44,815 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। ठगी का खुलासा तब हुआ जब अंकित परिवार सहित मुंबई स्थित होटल पहुंचे। वहां चेक-इन के दौरान रिसेप्शन पर बताया गया कि उनके नाम से कोई बुकिंग दर्ज नहीं है। जिस नंबर पर उन्होंने संपर्क किया था, वह होटल का आधिकारिक नंबर नहीं बल्कि ठगों द्वारा फैलाया गया जाल था। इंदौर लौटने पर पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसे प्रारंभिक जांच के बाद लसूडिया थाने स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। प्रकाश/25 मार्च 2026