राज्य
25-Mar-2026
...


:: इंदौर के 5 प्रमुख अस्पतालों में हुआ सफल आयोजन; 3361 हितग्राहियों की हुई निःशुल्क जांच :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में संचालित संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत इंदौर जिला प्रशासन द्वारा आमजन के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु व्यापक स्तर पर विशेष स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अरविंदो मेडिकल कॉलेज, इंडेक्स मेडिकल कॉलेज, चोईथराम अस्पताल एवं बॉम्बे हॉस्पिटल में ये शिविर आयोजित किए गए। इसमें मुख्य रूप से गैर-संचारी रोगों से पीड़ित एवं संदिग्ध मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की गईं। इन स्वास्थ्य शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, किडनी रोग एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की निःशुल्क जांच एवं उपचार किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आधुनिक उपकरणों से जांच कर मरीजों को आवश्यक परामर्श, दवाइयां एवं आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता हर नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। :: निःशुल्क परिवहन और भोजन की व्यवस्था :: स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु विकासखंड महू-मानपुर, देपालपुर, सांवेर एवं हातोद तथा शहरी क्षेत्रों से कुल 13 विशेष वाहनों के माध्यम से मरीजों के लिए निःशुल्क परिवहन एवं भोजन की व्यवस्था की गई। इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ उपचार का लाभ मिल सका। जनप्रतिनिधियों ने भी शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। विधायक महेन्द्र हार्डिया एवं गोलू शुक्ला ने सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की सराहना की। :: 352 मरीज सर्जरी के लिए चिन्हित :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्वयं दौरा कर शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि इन शिविरों में कुल 3361 हितग्राहियों की जांच की गई। जांच के दौरान अनेक मरीजों में गंभीर रोगों की पहचान की गई, जिन्हें मौके पर ही निःशुल्क औषधियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही 352 मरीजों को शल्य चिकित्सा (सर्जरी) एवं अन्य फॉलोअप उपचार के लिए विशेष रूप से चिन्हित किया गया है, जिनका आगामी उपचार भी शासन की मंशानुसार सुनिश्चित किया जाएगा। प्रकाश/25 मार्च 2026