इन्दौर (ईएमएस) पुणे की एक लॉजिस्टिक कंपनी के डायरेक्टर की शिकायत पर कंपनी के कर्मचारी और उसके साथियों के खिलाफ लाखों की धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला लसूडिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार एमआरसी लॉजिस्टिक कंपनी के डायरेक्टर राजीव आर्य ने शिकायत दर्ज कराते बताया कि उनके इंदौर आफिस में कार्यरत कर्मचारी कुलदीप सिंह ने सहयोगी विनय, काशीनाथ चौहान, सचिन सोनी, रेनू कुमारी और अमित शर्मा के साथ अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी बिल तैयार किए और अन्य कंपनियों के नाम पर भुगतान दिखाकर कंपनी के पैसे अपने परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। रेनू कुमारी कृतिका कंटेनर्स, अमित शर्मा बालाजी रोडवेज और सचिन सोनी सेफेक्स रिलोकेशन नाम से कंपनियां संचालित करते हैं। ये सभी कंपनियां कुलदीप के परिचितों से जुड़ी हुई हैं और इन्हीं के माध्यम से धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। इन्होंने वर्ष 2022 से 2025 के बीच 90 लाख रुपए से अधिक की हेराफेरी की। पुलिस को शिकायत के साथ बिल और खर्च से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 25 मार्च 2026