राज्य
25-Mar-2026
...


:: नगर निगम के सहयोग से आधुनिक उपकरणों और वैज्ञानिक तकनीक का दिया जा रहा ज्ञान; पीपीई किट अनिवार्य :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के क्षेत्र में देश का सिरमौर इंदौर अब सफाई मित्रों की सुरक्षा और उनके तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठा रहा है। केंद्र सरकार की नमस्ते योजना के अंतर्गत इंदौर में सफाई मित्रों के लिए 5 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया है। नगर निगम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई मित्रों को जोखिम भरी परिस्थितियों से बचाना और उन्हें आधुनिक मशीनों के संचालन में दक्ष बनाना है। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने इस प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ करते हुए सफाई मित्रों के योगदान की सराहना की। प्रशिक्षण के दौरान सफाई मित्रों को आधुनिक उपकरणों के माध्यम से सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से कार्य करने की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। विशेष रूप से मैनुअल सफाई (हाथ से सफाई) पर पूर्ण प्रतिबंध, मैकेनाइज्ड क्लीनिंग (मशीनीकृत सफाई) और पीपीई (PPE) किट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया जा रहा है। विशेषज्ञों द्वारा यह भी सिखाया जा रहा है कि कैसे तकनीक का उपयोग करके कार्य को आसान और संक्रमण मुक्त बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण में नगर निगम के विभिन्न जोनों से आए सफाई मित्र उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। :: राज्य प्रबंधक ने किया निरीक्षण और संवाद :: बुधवार, 25 मार्च को नगरीय प्रशासन विभाग के राज्य प्रबंधक संयोग मिश्र ने प्रशिक्षण स्थल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों से सीधा संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया और उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नमस्ते योजना का मूल उद्देश्य सफाई मित्रों को एक सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करना और उनके सामाजिक-आर्थिक स्तर को ऊपर उठाना है। :: सशक्तिकरण की ओर बढ़ते कदम :: इस 5 दिवसीय सत्र के माध्यम से सफाई मित्रों को न केवल सुरक्षा उपकरणों की जानकारी दी जा रही है, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य बीमा और अन्य सरकारी लाभों से जोड़ने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। प्रशासन का मानना है कि वैज्ञानिक पद्धति अपनाने से कार्यकुशलता बढ़ेगी और सफाई मित्रों के स्वास्थ्य पर होने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम किया जा सकेगा। प्रशिक्षण के समापन पर सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। प्रकाश/25 मार्च 2026