पिस्टल से चली गोली पेट में लगी थी, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर जांच तेज की हाथरस (ईएमएस)। गांव बरसै में दो दिन पहले गोली लगने से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराने के बाद बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। देर शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।घटना 23 मार्च की है, जब गांव बरसै निवासी रामवीर सिंह का 26 वर्षीय पुत्र रंजीत घर से बाहर स्थित एक दुकान पर कोल्डड्रिंक पीने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां पहले से दो युवक बैठे थे, जिनमें से एक के पास पिस्टल थी। इसी दौरान पिस्टल की मैगजीन निकालते समय अचानक गोली चल गई, जो सीधे रंजीत के पेट में जा लगी।गंभीर रूप से घायल रंजीत को परिजन तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया था। बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घायल अवस्था में रंजीत ने पुलिस को दिए बयान में पिस्टल से गोली मारे जाने की बात कही थी। हालांकि परिजनों ने किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी से इनकार किया है।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है और जल्द ही घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 25 मार्च 2026