जयकारों से गुंजायमान हो रहा मंदिर, दर्शन को उमड रहा आस्था का सैलाब -मां कंकाली के दर्शनों को लालायित भक्त हाथरस (ईएमएस)। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर सातवें दिन आगरा अलीगढ़ रोड स्थित कन्या गुरुकुल महाविद्यालय के निकट प्रसिद्ध मां कंकाली मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह की पहली किरण के साथ ही मंदिर परिसर भक्तों की भारी भीड़ से पट गया। देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं, जिसमें बच्चे, बुजुर्ग और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बुधवार को कात्यायनी स्वरूप की पूजा के साथ ही मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के जवान और मंदिर समिति के स्वयंसेवक कतारों को व्यवस्थित कर रहे थे। लंबी लाइनों के बावजूद भी भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। घंटे-घड़ियालों की गूंज और श्जय माता दीश् के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर के बाहर स्थित प्रसाद की दुकानों पर सुबह से ही पैर रखने की जगह नहीं थी। भक्तों ने मां के श्रृंगार के लिए नारियल, चुनरी, धूप-बत्ती और लाल फूल खरीदे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में मत्था टेका और परिवार की खुशहाली की मन्नत मांगी। बता दें कि जहां प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को दर्शन के लिए भक्त आते हैं वहीं कई वर्षों से हर नवरात्रि यहां दूर दराज से आने वाले भक्तों का तांता लगा रहता है। मां कंकाली की महिमा अपरंपार है, यहां मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। क्षेत्र में भक्ति का माहौल है। प्रशासन द्वारा भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 25 मार्च 2026