:: आपात स्थिति से निपटने के लिए परखा आपदा प्रबंधन; पुलिस, फायर ब्रिगेड और गेल इंडिया का रहा सक्रिय सहयोग :: इन्दौर (ईएमएस)। अवंतिका गैस लिमिटेड (एजीएल) द्वारा शहर के COCO-2 (कंपनी संचालित) स्टेशन पर बुधवार को लेवल-3 की उच्च स्तरीय मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस युद्धाभ्यास का मुख्य उद्देश्य गैस रिसाव या भीषण आगजनी जैसी आपात स्थिति में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया का वास्तविक परीक्षण करना था। मॉक ड्रिल के दौरान एक लाइट कमर्शियल व्हीकल (एलसीवी) में भीषण आग लगने और उसके तेजी से फैलने की काल्पनिक स्थिति निर्मित की गई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित टीमें सक्रिय हुईं और अपनी-अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। इस दौरान आपदा प्रबंधन की पूरी श्रृंखला को समयबद्ध तरीके से परखा गया। पूरे ऑपरेशन की बारीकी से निगरानी एजीएल के एमडी पंकज भगत, डीसी राजेश जैन, हिमांशु निगोटे, वरेंद्र शर्मा एवं जितेंद्र भट्ट ने की। सुरक्षा विभाग प्रमुख इंद्रेश दुबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस ड्रिल का सफल संचालन और समन्वय मयंक गौर एवं गौरव पाटीदार द्वारा किया गया। आपात स्थिति में सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करते हुए गेल इंडिया लिमिटेड, गेल गैस लिमिटेड एवं नवेरिया गैस की टीमों ने म्युचुअल एड पार्टनर के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही, इंदौर पुलिस, ट्रैफिक विभाग और नगर निगम के फायर ब्रिगेड ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। इस सफल आयोजन में अनुराग सोनी, अर्पित सिंह, राहुल कुमार एवं मनीष कुमार का विशेष तकनीकी सहयोग रहा। अभ्यास के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि ऐसी ड्रिल भविष्य में संभावित वास्तविक दुर्घटनाओं के दौरान जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करने में संजीवनी साबित होती हैं। प्रकाश/25 मार्च 2026