फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले के थाना सिरसागंज क्षेत्र में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित अपराधियों की करोड़ों की संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर गैंगस्टर एक्ट में नामजद तीन अभियुक्तों—चोब सिंह, भूरईया उर्फ कुलदीप और श्रीदयाल उर्फ शंकर दयाल—की चल एवं अचल संपत्तियों को जब्त किया। कुर्क की गई संपत्ति का मूल्यांकन लगभग 96 लाख 63 हजार रुपये किया गया है, जबकि इसकी बाजारू कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है। संगठित गिरोह पर कार्रवाई पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी लंबे समय से संगठित गिरोह बनाकर हत्या, मारपीट, वसूली और चोरी जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त थे और इन अपराधों से अवैध संपत्ति अर्जित की गई थी। इसी के तहत गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई करते हुए संपत्तियों को कुर्क किया गया। इन संपत्तियों पर चला बुलडोजर जैसा एक्शन कुर्क की गई संपत्तियों में आवासीय प्लॉट, कृषि भूमि और कॉलोनी में स्थित जमीनें शामिल हैं। ये संपत्तियां सिरसागंज, उरावर, सिरसा खास और उजरई क्षेत्रों में स्थित बताई गई हैं। पुलिस ने सभी संपत्तियों को विधिवत जब्त कर लिया है। अपराधियों का आपराधिक इतिहास पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपियों पर हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। चोब सिंह, कुलदीप और श्रीदयाल के खिलाफ पूर्व में भी हत्या और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं, जिससे उनकी आपराधिक गतिविधियों का लंबा इतिहास सामने आता है। ईएमएस