फिरोजाबाद(ईएमएस) शहर में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। थाना रामगढ़ क्षेत्र के आकाशवाणी रोड पर एक बाराती की गर्दन कटने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है, जो अलीगढ के कौड़ियागंज क्षेत्र का निवासी था। वह अपने परिजनों के साथ फिरोजाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बारात में आया था। कैसे हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, बारात में शामिल बस आकाशवाणी रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान मोहम्मद कैफ बस की खिड़की से बाहर झांक रहा था। तभी सड़क किनारे बनी एक दुकान के बाहर निकले नुकीले टीनशेड से उसकी गर्दन टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मची अफरा-तफरी हादसे के बाद बस में सवार अन्य बारातियों में अफरा-तफरी मच गई। खुशी का माहौल अचानक चीख-पुकार और मातम में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। थाना रामगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे में शामिल बस को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। एक खुशहाल मौके पर आए परिवार के लिए यह हादसा गहरे सदमे में बदल गया। ईएमएस