- नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख से अधिक की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार रायगढ़(ईएमएस)। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में दुर्ग निवासी विवेक कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला थाना पुसौर में 22 जनवरी को दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता कुंजबिहारी पटेल (32), निवासी ग्राम घुघवा, को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी सितेश पाणिग्राही ने अपने जाल में फंसाया। मंत्रालय में पहचान होने का दावा करते हुए आरोपी ने फर्जी जॉइनिंग लेटर दिखाकर विश्वास हासिल किया और किस्तों में बड़ी रकम ऐंठ ली। पीड़ित ने नौकरी के लालच में अपनी जमीन बेचकर अप्रैल 2022 में 4,58,300 रुपये और बाद में 3,69,000 रुपये आरोपी को दे दिए। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर जब पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी टालमटोल करता रहा और कभी पैसे लौटाने तो कभी जमीन रजिस्ट्री करने का झांसा देता रहा। जांच में सामने आया कि आरोपी सितेश पाणिग्राही ने इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगा है। गांव के मुन्ना प्रसाद डनसेना से 3,77,000 रुपये और देवकुमार से 8 लाख रुपये लेकर कुल करीब 20,04,000 रुपये की ठगी की गई। पैसे वापस मांगने पर आरोपी पीड़ितों को दुर्ग ले गया, जहां विवेक कुमार से मुलाकात कराई गई। दोनों आरोपियों ने पैसे लेने की बात स्वीकारते हुए पीड़ितों को चेक दिए, लेकिन बैंक में जमा करने पर वे बाउंस हो गए। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर विवेक कुमार को दुर्ग से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने ठगी में शामिल होने की बात कबूल की है। उसके पास से एचडीएफसी बैंक का चेक, बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल मुख्य आरोपी सितेश पाणिग्राही की तलाश जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026