क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम करोद में गत शाम एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहाँ बिजली के नंगे तारों ने एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। खेत में मेहनत कर रहे 30 वर्षीय युवा किसान राजकुमार यादव की ऊपर से गिरे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर बिजली लाइनों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेत में काम के दौरान हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम करोद निवासी राजकुमार यादव पिता ब्रजभान सिंह यादव बुधवार दोपहर करीब 4 बजे अपने खेत पर मूंग की फसल की सिंचाई कर रहा था। गर्मी के मौसम में फसल को पानी देने के दौरान अचानक खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन का एक तार टूटकर सीधे राजकुमार के ऊपर आ गिरा। तार गिरते ही राजकुमार बुरी तरह झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा। चाचा ने साहस दिखाकर छुड़ाया, पर नहीं बची जान हादसे के वक्त पास ही मौजूद मृतक के चाचा ने जब राजकुमार को करंट की चपेट में देखा, तो वे तुरंत दौड़कर वहाँ पहुँचे। उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए सूखी लकड़ी के डंडे से तार को राजकुमार के शरीर से अलग किया। आनन-फाणन में परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुँचे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। तीन मासूम बच्चों के भविष्य पर संकट महज 30 वर्ष की आयु में दुनिया छोडऩे वाले राजकुमार अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और पत्नी को छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि वह अपने पिता की जमीन पर मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। कैंट पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी